नाबालिग लड़की अपहरण मामले में अपहृता बरामद, तीन सगे भाई गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद/खोदावंदपुर (बेगूसराय)। समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में शिवाजीनगर एवं खोदावंदपुर पुलिस ने सोमवार को संयुक्त छापेमारी कर अपहृत लड़की को बरामद कर लिया. वहीं इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तीनों आरोपित आपस में सगे भाई हैं. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत मेही सहनी टोल निवासी सत्यनारायण सहनी के पुत्र आदेश कुमार, चंदन कुमार एवं कुंदन कुमार के रूप में की गई है. इस संबंध में शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि बीते 18 अक्टूबर को थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया था. इस मामले में लड़की के परिजनों ने शिवाजीनगर थाने में कांड संख्या- 174/26 दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 23 नवंबर को खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर पश्चिमी पंचायत स्थित मेही सहनी टोल में संयुक्त रूप से छापेमारी की गयी. इस दौरान अपहृत लड़की को बरामद करने के साथ ही तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बरामद लड़की को मेडिकल जांच एवं न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए भेज दिया है. वहीं गिरफ्तार तीनों आरोपितों को अपने साथ शिवाजीनगर थाना ले गयी है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. छापेमारी में एस आई प्रवीण कुमार समेत अन्य पुलिस बल शामिल थी.
