राष्ट्र संवाद /खोदावंदपुर
बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में विकास कार्यों की अनदेखी और विभिन्न जनसमस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज चार वार्ड सदस्यों ने सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. सभी ने अपना त्यागपत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी, खोदावंदपुर को सौंपा है. इस घटनाक्रम से पंचायत की राजनीति में हलचल मच गयी है. त्यागपत्र देने वालों में वार्ड- 04 के सदस्य चंद्रशेखर चौधरी, वार्ड- 11 की वार्ड सदस्या सीमा देवी, वार्ड- 02 के वार्ड सदस्य गोपाल गुप्ता तथा वार्ड- 03 के वार्ड सदस्य ब्रजेश कुमार शामिल हैं. वार्ड चार के सदस्य चंद्रशेखर चौधरी ने अपने आवेदन में पंचायत में विकास कार्यों की उपेक्षा का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि पांच वर्षों के कार्यकाल में उनके वार्ड में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कराया गया. वार्ड में दलित, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक समुदाय की बड़ी आबादी है. इसके बावजूद जलजमाव और नाला निर्माण जैसी बुनियादी समस्याएं बनी हुई है. उन्होंने आवेदन में आरोप लगाया है कि बेगूसराय- रोसड़ा मुख्य पथ एस एच- 55 के नाला निर्माण एवं जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया है.इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसी से क्षुब्ध होकर चारों वार्ड सदस्यों ने सामूहिक रूप से अपने पद से त्याग-पत्र देने का निर्णय लिया है. इस सामूहिक इस्तीफे को लेकर पंचायत क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. अब देखना होगा कि प्रखंड प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है.

