खटारा वैन और ओवरलोड ऑटो में स्कूल जा रहे बच्चे, हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?
जादूगोड़ा से घाटशिला तक स्कूली बच्चों की सुरक्षा खतरे में, भाजपा नेता रोहित सिंह परमार ने उठाया सवाल—दुर्घटना हुई तो जिम्मेदार कौन होगा?
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: मुसाबनी और गालूडीह समेत पूरे अनुमंडल क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे खटारा वैन और ओवरलोड ऑटो में जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। आरोप है कि कई वाहन बिना फिटनेस और परमिट के चल रहे हैं, जबकि ऑटो में निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा है।
स्थानीय अभिभावकों के अनुसार, कई ऑटो में 10 से 12 बच्चों को ठूंसकर ले जाया जाता है। वहीं कुछ स्कूल वैन और बसों की हालत भी खराब बताई जा रही है। घिसे टायर, खराब ब्रेक और टूटे दरवाजों के बावजूद बच्चों को ढोने का आरोप है। कम किराये के कारण अभिभावक मजबूरी में ऐसे वाहनों का सहारा ले रहे हैं।
इस मामले को लेकर भाजपा नेता रोहित सिंह परमार ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूली बच्चों की जान के साथ खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है। स्कूलों के सामने रोज ओवरलोड वाहन दिखाई देते हैं, लेकिन परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है?
परमार ने अनुमंडल प्रशासन से विशेष जांच अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने स्कूल बसों, वैन और ऑटो के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक के लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने की मांग की।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन को भी जिम्मेदारी निभाने की सलाह देते हुए कहा कि प्रत्येक स्कूल अपने यहां बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराए और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करे। कार्रवाई नहीं होने पर एसडीओ और डीटीओ को ज्ञापन सौंपने तथा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।
अभिभावकों ने मांग की है कि सुबह स्कूल के समय नियमित जांच अभियान चलाया जाए और ओवरलोडिंग व बिना फिटनेस वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो। अब सवाल यह है कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन समय रहते कदम उठाएगा या किसी बड़े हादसे के बाद ही उसकी नींद खुलेगी?