
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की प्रमुख यजमानी में 26वें श्री रामार्चा पूजा की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। शुक्रवार, 20 नवंबर को श्री रामार्चा पूजा शुरू होगी। 21 नवंबर को मणि मेला मैदान में अपराह्न 12.30 बजे से महाप्रसाद का वितरण होगा। रामार्चा पूजा का यह 26वाँ वर्ष है। यह पूजा गौरीकांत जी की देखरेख में होगी। पूजन कार्य पांच स्थानीय विद्वान पंडित: विनोद पांडेय, धनजी पाण्डेय, घनश्याम मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा और नवीन पांडेय संपन्न कराएंगे।
विनोद पांडेय ने बताया कि बेदी बन कर तैयार है। सुबह 8 बजे से पूजा प्रारंभ हो जाएगी। यह पूजा चार आवरणों में होगी।
उन्होंने बताया कि प्रथम आवरण में 39 से ज्यादा देवी देवताओं की पूजा होगी। द्वितीय आवरण में नवग्रह, मंत्री, शिव समेत मुख्य देवताओं की पूजा होगी। तृतीय आवरण में भगवान श्री राम के समस्त परिवार, हनुमान जी और दशरथ जी की पूजा होगी। चतुर्थ आवरण में भगवान श्री सीताराम की पूजा होगी। इसके उपरांत श्री रामार्चा पूजा का माहात्म्य बताया जाएगा। इसके बाद हवन और आरती होगी।

