
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
भगवानपुर (बेगूसराय)। चार दिनों तक मां काली की भक्ति में डूबा औगान गांव गुरुवार को विदाई के भावुक पल का साक्षी बना। मां के जयकारों और गाजे-बाजे के बीच निकली विसर्जन शोभायात्रा के साथ ही रसलपुर पंचायत स्थित प्रसिद्ध मां सुभाषिनी शक्तिपीठ में आयोजित काली पूजा महोत्सव का समापन हो गया। मां को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए।
महोत्सव के दौरान औगान स्थित शक्तिपीठ में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई थी।
गुरुवार को मुख्य पुजारी पंडित विकास झा के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन यात्रा शुरू हुई। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु मां काली के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। औगान शक्तिपीठ से निकली यात्रा सिमरिया धाम स्थित गंगा घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश विसर्जन किया गया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की मंगलकामना की। कलश विसर्जन के साथ ही चार दिवसीय पूजा महोत्सव के साथ मेला भी संपन्न हो गया। मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज चौधरी, सचिव राहुल कुमार ,संयोजक कुंदन कुमार,विशेष सहयोगी शिक्षक रजनीश कुमार चौधरी सहित अन्य सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

