

थाना से चंद कदम दूर चोरों ने तोड़ा दुकान का ताला
*व्यवहार न्यायालय के सामने हुई वारदात, अधिवक्ता के कंप्यूटर-सीपीयू और फिंगरप्रिंट डिवाइस भी ले उड़े, गल्ले से पांच हजार रुपये की चोरी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म होता दिख रहा है। इसका ताजा उदाहरण व्यवहार न्यायालय के ठीक सामने हुई चोरी की घटना है। यहां अज्ञात चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर अधिवक्ता के कंप्यूटर सहित कई जरूरी उपकरण और नकदी चोरी कर ली। वारदात स्थल सरायकेला थाना से भी मात्र 400 मीटर दूर बताया गया है।
दुकान संचालक कृष्णा तियू को घटना की जानकारी मंगलवार सुबह करीब सात बजे मिली, जब वह दुकान पहुंचे। सरगीडीह निवासी कृष्णा तियू ने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। अंदर सामान बिखरा था। चोर दुकान में रखे अधिवक्ता प्रकाश ज्योतिषी के कंप्यूटर, सीपीयू, यूपीएस, फिंगरप्रिंट डिवाइस और अन्य सामान के साथ गल्ले में रखे पांच हजार रुपये भी ले गए थे।
इसके बाद भुक्तभोगी ने सरायकेला थाना में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आवेदन में उन्होंने चोरी गए सामान का विवरण देते हुए पुलिस से मामले की जांच और आरोपियों की पहचान करने का आग्रह किया है।
न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के सामने और थाना से महज 400 मीटर की दूरी पर चोरी की इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आसपास के दुकानदारों में भी घटना को लेकर चिंता है। अब देखना होगा कि पुलिस चोरों का सुराग लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी में कितनी जल्दी सफलता हासिल कर पाती है।

