

मीरूडीह बस्ती हत्याकांड:आरोपी पति गिरफ्तार
*घरेलू विवाद में पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या, पुलिस ने खून लगा चाकू, कपड़े और बाइक की बरामद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरूडीह बस्ती में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। रविवार रात एक युवक ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी राधिका सवैया पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति विजय बानरा (26) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वारदात 1 नवंबर की रात करीब 8:45 बजे की है। बताया जाता है कि मीरूडीह बस्ती में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विजय बानरा ने धारदार चाकू से राधिका पर लगातार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राधिका को परिजन और स्थानीय लोग तत्काल जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की सास बसंती सिंकू की लिखित शिकायत पर आरआईटी थाना में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत कांड संख्या 46/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, खून से सनी शर्ट, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

