

चांडिल डैम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल, सीएम ने दिए निर्देश
*इको-टूरिज्म, बोटिंग और स्थानीय रोजगार पर जोर, पर्यावरण अनुकूल विकास का बनेगा खाका*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को परिवार के साथ धातकीडीह जाने के क्रम में चांडिल डैम का भ्रमण किया। डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से प्रभावित मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की इच्छा जताई। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ डैम के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने, पर्यटकों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने तथा नौकायन व्यवस्था को आधुनिक एवं व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने डैम और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पर्यावरण अनुकूल दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी, जल प्रबंधन तथा बिजली उत्पादन और संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर भी आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन, सविता महतो, सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

