खोदावंदपुर में जमुना बस और हाइवा में जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे चालक व खलासी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर पेट्रोल पंप चौक के समीप गुरुवार की सुबह बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 पर जमुना ट्रैवल्स की बस और हाइवा ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गये. हालांकि, संयोगवश दोनों वाहनों के चालक और खलासी सुरक्षित बच गये. आसपास मौजूद लोगों को भी कोई नुकसान नहीं हुआ. मिली जानकारी के अनुसार जमुना ट्रैवल्स की बस बीआर28पी 3351 दौलतपुर पेट्रोल पंप चौक के समीप सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान ओवरटेक करने के क्रम में हाइवा ट्रक बीआर52जी 6995 ने जोरदार टक्कर बस में मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज सुनकर आसपास के दर्जनों लोग घटनास्थल पर जुट गये. हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलने पर खोदावंदपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की. बताया जाता है कि बाद में दोनों वाहन मालिकों के बीच बातचीत के बाद आपसी सहमति से मामले का निपटारा कर लिया गया.


