टाटा स्टील यूएसआईएल के ठेका मजदूरों ने बोनस और छुट्टी के बकाया भुगतान पर उठाए सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टाटा स्टील यूएसआईएल (TATA STEEL USIL) के ठेका प्रतिष्ठान मेसर्स मां भगवती इंटरप्राइजेज में कार्यरत मजदूरों ने बोनस और छुट्टी के बकाया पैसे के भुगतान को लेकर सवाल उठाए हैं। एटक के महासचिव अंकुश ठाकुर ने बताया कि ठेका प्रबंधन ने अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि का बकाया बोनस और छुट्टी का पैसा बिना किसी पूर्व सूचना के उनके बैंक खातों में भेज दिया है। हालांकि, मजदूरों को भुगतान की गई राशि की सही जानकारी नहीं होने के कारण इसकी पारदर्शिता पर संदेह है।
मजदूरों के अनुसार, वे पिछले करीब आठ वर्षों से टाटा स्टील यूएसआईएल में विभिन्न ठेकेदारों के माध्यम से साफ-सफाई का कार्य करते आ रहे हैं। इस दौरान वे लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब बकाया बोनस और छुट्टी के पैसे के भुगतान को लेकर उन्होंने ठेका प्रबंधन से स्पष्ट जानकारी देने की मांग की है।
मजदूरों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि ठेका प्रबंधन को निर्देश दिया जाए कि प्रत्येक मजदूर के बैंक खाते में भेजी गई राशि का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, भुगतान की पर्ची (पेमेंट स्लिप) देकर यह स्पष्ट किया जाए कि किस मद में कितनी राशि का भुगतान किया गया है। मजदूरों का कहना है कि जब तक भुगतान का पूरा ब्योरा नहीं मिलता, तब तक यह सुनिश्चित करना मुश्किल है कि उन्हें नियमानुसार पूरी बकाया राशि मिली है या नहीं।
मजदूरों ने संबंधित विभाग से मामले में हस्तक्षेप कर भुगतान का विस्तृत हिसाब उपलब्ध कराने और यदि कोई राशि बकाया है, तो उसका भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।

