*टाटा स्टील कर्मचारियों को वेतन विसंगति से राहत*
*पर्सनल पे पर बनी सहमति; एनएस सीरीज के कर्मियों को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा, आवास किराया कटौती का नियम भी स्पष्ट*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर
टाटा स्टील के कर्मचारियों से जुड़े वेतन और सेवानिवृत्ति लाभों के कई मुद्दों पर टाटा वर्कर्स यूनियन की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सोमवार को यूनियन कार्यालय में हुई बैठक में फिटमेंट के कारण वार्षिक वेतनवृद्धि की तारीख बदलने से प्रभावित कर्मचारियों को पर्सनल पे देने पर सहमति बनी। इसके साथ ही एनएस सीरीज के कर्मचारियों की चिकित्सा सुविधा और आवास किराया कटौती से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में तय किया गया कि वेतन निर्धारण के दौरान अपेक्षाकृत कम लाभ मिलने और वेतनवृद्धि की तारीख में बदलाव से प्रभावित पात्र कर्मचारियों को अंतर की राशि पर्सनल पे के रूप में दी जाएगी। यह राशि उनकी पूर्व निर्धारित वेतनवृद्धि तिथि से प्रभावी होगी। इसे भविष्य निधि, ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण, वार्षिक बोनस और टिस्को कर्मचारी पेंशन योजना सहित संबंधित वित्तीय लाभों की गणना में भी शामिल किया जाएगा।
एनएस सीरीज के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा देने पर भी सहमति बनी। वहीं, आवास किराये की कटौती के संबंध में प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि मूल वेतन से परिवर्तनीय महंगाई भत्ता घटाने के बाद बची राशि का छह प्रतिशत या आवास का निर्धारित मानक किराया, दोनों में से जो कम होगा, वही काटा जाएगा।
बैठक में वर्ष 2022 के आरआर बैच, ट्रेड अप्रेंटिस बैच और न्यूनतम गारंटी लाभ से जुड़े वेतन संशोधन के मुद्दों की भी समीक्षा हुई। प्रबंधन की प्रारंभिक जांच में वेतन विसंगति नहीं मिलने की बात कही गई, जबकि यूनियन ने कर्मचारियों की समस्याओं और सुझावों पर पुनर्विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

