परसुडीह में चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ दो युवक गिरफ्तार
मारू मैदान के पास चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई, आईफोन समेत दो मोबाइल बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। परसुडीह थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के मारू मैदान के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर सोपोडेरा निवासी समीर मुर्मू (20) और सुखलाल गागराई (20) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान समीर मुर्मू के पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स और कथित तौर पर घटना में प्रयुक्त ओलिव ग्रीन रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05ED-9874) बरामद की गई। वहीं, सुखलाल गागराई के पास से हरे रंग का मोटोरोला मोबाइल फोन मिला।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बेचने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर काले रंग की स्प्लेंडर समेत कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद मोटरसाइकिलों में से एक का चेसिस नंबर MBLHAW091LHA13625 बताया गया है।
इस मामले में परसुडीह थाना कांड संख्या 117/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, समीर मुर्मू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जुलाई 2026 में टाटानगर थाना में मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

