*बखरी में लंपी रोग के विरुद्ध टीकाकरण अभियान शुरू, 14 हजार पशुओं का लक्ष्य*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
*बखरी (बेगूसराय)।* बखरी प्रखंड में लंपी स्किन डिजीज के विरुद्ध टीकाकरण अभियान की शुरुआत सोमवार को कर दी गई। अभियान का शुभारंभ नगर परिषद क्षेत्र स्थित श्री कृष्ण गौशाला से किया गया।
जानकारी के अनुसार प्रखंड में टीकाकरण के लिए 14 हजार का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत प्रखंड की सभी पंचायतों में योग्य पशु गाय एवं 4 माह से ऊपर की बछिया-बछड़ा को टीका लगाया जाएगा। टीकाकर्मी घर-घर जाकर पशुपालकों के पशुओं का टीकाकरण करेंगे। यह अभियान लगातार एक पखवाड़ा तक चलेगा।
भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रुस्तम कुमार रौशन ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि टीकाकर्मी जब दरवाजे पर आएं तो अवश्य टीकाकरण करवाएं और सहयोग करें।
इस अवसर पर श्री कृष्ण गौशाला के सचिव कैलाश चंद्र शर्मा, उप सचिव अभिमन्यु केसरी, गौ सेवक रामविलास यादव, टीकाकर्मी बसंत कुमार सहित अन्य टीकाकर्मी मौजूद थे।

