देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति : अवधेश राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
*बखरी (बेगूसराय)।* दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन को दबाने के लिए भाजपा ने अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बना दी है। पहले जनता अपनी समस्याओं का समाधान नहीं होते देख रेल-रोड जाम कर सरकार के प्रति गुस्से का इजहार करती थी, लेकिन पहली बार भाजपा के राज में सरकार द्वारा रेल रोक कर, रोड जाम कर 10 अक्टूबर के जंतर-मंतर प्रदर्शन को फेल करने का प्रयास किया गया।
उक्त बातें बखरी स्थित सूर्यनारायण सिंह स्मारक भवन में गढ़पुरा एवं बखरी सीपीआई के संयुक्त अंचल परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा के जिला मंत्री सह बछवाड़ा के पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने कही।
उन्होंने कहा कि आज की राजनीतिक परिस्थिति बदल गई है। अब बेगारी, मांगन-मनसेरी की समस्या नहीं है, बल्कि सरकारी योजनाओं में घपला-घोटाला, कार्यालयों में घूसखोरी, पुलिस की दबंगों के पक्ष में भूमिका जैसी समस्याएं हैं। इनसे शाखा कैसे लड़ेगी, इस पर विचार के लिए नवंबर में शाखा सचिवों का सम्मेलन किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा कि बखरी में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। बिना घूस के कोई काम नहीं होता, पुलिस पीड़ितों की नहीं सुनती, जनता ठगा महसूस कर रही है।
भाकपा के बखरी प्रभारी राजेंद्र सहनी ने कहा कि बखरी एवं गढ़पुरा क्षेत्र में भूमि संघर्ष से पार्टी बनी है, इसलिए संगठन को धारदार बनाने के लिए शाखा सचिवों का सम्मेलन नई दिशा देगा।
राजेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में गढ़पुरा अंचल मंत्री रामकिशोर प्रसाद, बखरी अंचल मंत्री शिव सहनी, सहायक अंचल मंत्री सुरेश सहनी, जितेंद्र जीतू, सबाब आलम, सुमित कुमार, मो. आजाद, विसंभर महतो, राजेश कुमार, राकेश कुमार शर्मा, जयप्रकाश यादव, रामप्रयाग महतो, राकेश मालाकार, सावित्री देवी सहित अन्य ने विचार रखे।

