आइडियल प्रेप पब्लिक स्कूल बरियारपुर पूर्वी में पीटीएम, बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर हुई चर्चा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। बरियारपुर पूर्वी गांव स्थित आइडियल प्रेप पब्लिक स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा के बाद दो दिवसीय अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) आयोजित की गयी, इसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर बच्चों का परीक्षा परिणाम प्राप्त किया तथा उनकी उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन कर शैक्षणिक प्रगति और कमजोरियों की जानकारी ली. इस दौरान अभिभावकों ने शिक्षकों से बच्चों के प्रदर्शन में सुधार को लेकर चर्चा भी की. इस मौके पर विद्यालय के निदेशक राजाराम महतो एवं प्राचार्या पूजा कुमारी ने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय और परिवार के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय जरूरी है. शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से बच्चों की कमजोरियों को दूर कर उनके प्रदर्शन में सुधार किया जा सकता है. संगोष्ठी में बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने पर भी जोर दिया गया. कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय और अभिभावकों की साझा भूमिका महत्वपूर्ण है.

