रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के क्वार्टर में लगी आग, दमकल की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
जमशेदपुर : गुड़री मार्केट के समीप स्थित रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में शनिवार की रात आग लगने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 98 में रात करीब नौ बजे अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में क्वार्टर के अंदर रखे गद्दे और पुराने कपड़ों से भरे बोरे आ गए, जिससे कुछ ही देर में वहां धुआं फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों की टीम ने काफी मशक्कत कर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। वहीं, आग लगने की खबर सुनकर आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अचानक लगी आग के कारण कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग से कितने सामान का नुकसान हुआ है। राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। दमकल विभाग की ओर से आग पर काबू पाने के बाद नुकसान और आग लगने के कारणों का आकलन किया जाएगा।