क्यों हम स्त्री मन को पढ़ते कम और परखते ज्यादा हैं…….
देवानंद सिंह
घोड़े की आंखों के दोनों ओर जो पट्टी लगी रहती है, वो इसलिए ताकि वह सिर्फ अपने लक्ष्य की ओर देखे। पर जब मनुष्य अपना जीवन जीता है तो उसके सामने सिर्फ उसका व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं होता बल्कि आसपास का एक संसार सांस ले रहा होता है, समुदाय होता है, मानवीय पक्ष , संवेदनायें और जीवन मूल्य होते हैं ।
हम स्वयं का नामकरण या परिचय भले ही किसी जाति, संप्रदाय और राजनीतिक दल के साथ जोड़कर करें पर सबसे ऊपर तो हम मनुष्य हैं और जो इस बात से सहमत होंगे वह एक बार जरूर “बिलॉन्गिंग,ए जर्नी ऑफ लव ” पुस्तक पर निष्पक्ष होकर बात करेंगे और सुनेंगे भी । एक स्त्री लेखिका के मन की बात को, उसके जीवन की कथा को, संघर्ष और पीड़ा को सिर्फ इसलिए नकार देना क्योंकि वह मूल रूप से भारतीय नहीं है, यह उसकी लेखकीय ऊर्जा के साथ एक अन्याय ही है।
जबकि पिछले 50 सालों से भी अधिक भारत में रहकर उस स्त्री ने…… जी हां अब नाम लेकर संबोधित करता हूं , सोनिया गांधी ने कई बार भारत और भारतीयता से खुद के जुड़े होने का प्रमाण दिया है।
राजनीतिक चश्मे से हर जगह हर चीज को देखना हमें मनुष्य होने की गरिमा से नीचे गिरा देता है और हम जैसे कलम के साधक पत्रकार को यह बात चुभ जाती है । हम कब सीखेंगे कलम का सम्मान करना ।किसी के लिखे हुए शब्दों को, उसके पीछे छुपे हुए भाव को पढ़ना।
पुस्तक ” बिलॉन्गिंग” कहीं से भी राजनीतिक पुस्तक नहीं है। हालांकि लेखिका आरंभ से ही यानि इस देश में पदार्पण करने के साथ ही राजनीतिक पृष्ठभूमि से ही जुड़ी रही तो इस वातावरण का आभास उनके लिखे में दिखाई देना स्वाभाविक है । पर एक प्रेम कहानी जो उसे अपनी मातृभूमि से खींचकर हमारे भारतभूमि तक ले आती है , उस पर अपनी बात कहने – लिखने का अधिकार तो उससे न छीना जाना चाहिए ।
आज वैश्विकरण और ग्लोबल वीलेज के चकाचौंध में हर मोहल्ले के कुछ घरों में विदेशी बहुयें हैं, भारतीय संस्कृति और परंपरा को महसूसती और अपनाती हुए विदेशी रिश्तेदार भी । उनसे तो उस मुहल्ले और शहर को कोई खतरा नहीं दिखता। फिर सिर्फ सोनिया गांधी का विदेशी होना ही शक के दायरे में क्यों और कब तक ?
उस स्त्री ने अपने जीवन का जितना समय इटली में बिताया है उससे चार गुना अधिक तो भारत में गुजार लिया है ।
एक औरत भले वो लेखिका हो या ना हो अपने बच्चों के साथ खड़े रहना चाहती है और यह भी चाहती है कि उसके हर दुख में उसके बच्चे उसके साथ संबल बनें ।राजीव गांधी के बाद भी सोनिया गांधी का इस देश में रुक जाना कहीं ना कहीं उस कहानी को जिंदा रखने का ही प्रयास था ।
आज उन्होंने अपने मन की बात, अपनी उस प्रेम कथा को हमारे सामने रखा है तो हम उन्हें सिर्फ एक राजनीतिक दल की प्रतिनिधि ना मानें । वह एक मां हैं ,पत्नी हैं, उन्होंने बहू के रूप में जो अनुभव किया है अच्छा या बुरा वह भी बताया है। पुस्तक के द्वारा यह भी जानकारी मिल रही है कि कैंसर जैसे असाध्याय बीमारी से भी वह चार बार लड़ चुकी हैं।
क्या इतना काफी नहीं है किसी स्त्री को सम्मान देने के लिए और अगर आपसे इतना भी नहीं होता है तो इतना तो जरूर करें कि उनकी कलम को जिसमें सरस्वती बसती है उसे अपमानित न करें । जब एक कलमकार लिखता है तो वह बिकने के लिए नहीं लिखता। आत्मकथा में संभव है कि कुछ बातें दबी छुपी हों पर बहुत सारी बातें मन से सीधे पन्नों पर उतरती है उसमें आप राजनीति ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं तो यह दुखद है।
पिछले कई सालों से उस स्त्री के बारे में कई सारी कहानी बनी गई , मनगढ़ंत बातें बताई गई और उन्हें दोषी साबित करने का भी प्रयास किया गया पर आज जब वह खुद सामने आकर अपनी कहानी बताने के लिए उत्सुक है तो हम फिर उनका विरोध कर रहे हैं। कहीं ऐसा तो नहीं है कि कुछ लोगों ने बस ठान लिया है कि हर हाल में उस स्त्री का विरोध करना है…..

