हिंडाल्को और आईडीटीआर के बीच कौशल विकास पर करार
*युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण का अवसर: रवीन्द्र कुमार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
युवाओं को रोजगारोन्मुख तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, मुरी और इंडो डेनिश टूल रूम, जमशेदपुर के बीच शुक्रवार को समझौता हुआ। इसके तहत कंपनी के कर्मचारियों, उनके बच्चों और आसपास के क्षेत्र के युवाओं को डिप्लोमा एवं आईटीआई स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
समझौते पर हिंडाल्को की ओर से प्लांट हेड संदीप पाटिल और एचआर हेड प्रमोद कुल्हड़ ने हस्ताक्षर किए। वहीं, आईडीटीआर की ओर से महाप्रबंधक रवीन्द्र कुमार, मार्केटिंग मैनेजर अंजन कुंडू और प्रशिक्षण प्रबंधक डॉ. रामबाबू वर्मा ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए।
आईडीटीआर के महाप्रबंधक रवीन्द्र कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा, जिससे रोजगार और करियर विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी।
आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी हिंडाल्को एल्युमिना और उससे संबंधित विशिष्ट उत्पादों के निर्माण के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड के माध्यम से करेगी।
इस पहल से क्षेत्र में कौशल विकास को बढ़ावा मिलने और उद्योग तथा प्रशिक्षण संस्थान के बीच सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है।

