एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली तीन रेलवे हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान
*दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने किया सम्मानित*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, कोलकाता
दक्षिण पूर्व रेलवे ने 9 अक्टूबर 2026 को गार्डन रीच स्थित मुख्यालय में विशेष समारोह आयोजित कर भारतीय महिला हॉकी टीम की तीन खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी 20वें एशियाई खेल, आइची-नागोया 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी असाधारण खेल प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता से रेलवे परिवार के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ा है। खिलाड़ियों के समर्पण, टीम भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने भारतीय हॉकी को नई उपलब्धियां दिलाई हैं।
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (एसईआरएसए) के अध्यक्ष, प्रधान विभागाध्यक्ष तथा रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। खिलाड़ियों की इस सफलता को भारतीय महिला हॉकी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

