सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज में रक्तदान शिविर, युवाओं ने दिखाया उत्साह
*विधायक भादव हांसदा के आह्वान पर आयोजित शिविर में छात्रों व स्थानीय लोगों ने लिया हिस्सा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
विधायक भादव हांसदा के आह्वान पर ओडिशा के झारपोखोरिया स्थित सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में एक दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। डीआईजी, ईस्टर्न रेंज, बालासोर की देखरेख में आयोजित शिविर में कॉलेज के छात्रों, स्थानीय युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर का उद्देश्य अस्पतालों में रक्त की कमी दूर करना और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाना था।
विधायक भादव हांसदा ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकती है। वहीं, कॉलेज के चेयरमैन अर्धेंदु प्रहाराज ने कहा कि रक्तदान मानवता के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। एक छोटा-सा प्रयास किसी परिवार की खुशियां लौटा सकता है और किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है।
शिविर में सुबह से ही रक्तदान के लिए युवाओं की भागीदारी दिखी। पहली बार रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह रहा। चिकित्सकीय टीम की निगरानी में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बिनोद पुष्टि, राजीव साहू, ज्योतिप्रभा मोहांतो, विकास घोष, अमित मिश्रा और वंदना नायक सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने योगदान दिया।

