केनरा बैंक डकैती के पांच अपराधियों पर दो-दो लाख का इनाम, पुलिस ने जारी किया वीडियो
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में हुई भीषण डकैती के मामले में पुलिस ने पांचों आरोपियों का वीडियो जारी कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी में आम लोगों से सहयोग मांगा है। पुलिस ने प्रत्येक अपराधी पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
गौरतलब है कि दिनदहाड़े हथियारों के बल पर बैंक में घुसे पांच अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर करीब 42 लाख रुपये नकद और 24 किलो सोना लूट लिया था। लूटे गए सोने की कीमत 33 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
घटना के 14 दिनों से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस बिहार, ओडिशा, बंगाल, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में छापेमारी कर रही है। वीडियो जारी कर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

