एक्सएलआरआई में 13वां डॉ. वर्गीज कुरियन स्मृति व्याख्यान आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर एक्सएलआरआई-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर में शुक्रवार को 13वें डॉ. वर्गीज कुरियन स्मृति सतत विकास व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नाबार्ड के अध्यक्ष डॉ. शाजी कृष्णन वी मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। एक्सएलआरआई के फ्र. अरुपे सेंटर फॉर इकोलॉजी एंड सस्टेनेबिलिटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान और देश के सहकारिता आंदोलन एवं ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका को याद किया गया।
इस वर्ष व्याख्यान का विषय ‘राष्ट्र निर्माण में उत्पादकों की भूमिका : भारत में विकास, संस्थानों और समावेशिता पर पुनर्विचार’ था। इसमें उत्पादकों के महत्व, समावेशी आर्थिक विकास, संस्थागत सहयोग और ग्रामीण आजीविका को टिकाऊ बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। डॉ. शाजी कृष्णन वी ने नवाचार को बढ़ावा देने और ग्रामीण उद्यमियों को सशक्त बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्पादकों की भूमिका को मजबूत कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को बढ़ावा देना रहा।

