*ड्रोन सर्विलांस के बाद CISF-CCL की कार्रवाई, 129.730 टन अवैध कोयला जब्त*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चरही/हजारीबाग: अवैध कोयला खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ अभियान के तहत CISF NK & Piparwar और CCL चरही की संयुक्त टीम ने इंद्रा ग्राम, तापिन CCL Charhi क्षेत्र में छापेमारी कर 129.730 टन अवैध कोयला जब्त किया। जब्त कोयले की अनुमानित कीमत ₹3.13 लाख बताई गई है। कार्रवाई से पहले ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध स्थलों की निगरानी कर उन्हें चिन्हित किया गया था। इसके बाद संयुक्त टीम ने 04 अक्टूबर को करीब 10:30 बजे से 14:00 बजे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। जब्त कोयले का वजन तापिन वेट ब्रिज पर कराकर आवश्यक प्रक्रिया के बाद CCL Charhi को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में MMDR Act, 1957 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। CISF कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि अवैध कोयला खनन एवं भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ड्रोन सर्विलांस के जरिए संदिग्ध क्षेत्रों की निगरानी कर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। टीम द्वारा तापिन नॉर्थ के 41 नंबर क्षेत्र में भी कोयला रेड एवं तलाशी अभियान जारी है।

