
*तुरामडीह माइंस में ठेका मजदूरों का प्रदर्शन
*लेबर कोड उल्लंघन और भाई-भतीजावाद का लगाया आरोप; मांगें नहीं मानी गईं तो यूरेनियम की सातों खदानों में आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
यूसिल की तुरामडीह यूरेनियम परियोजना में कार्यरत करीब 300 ठेका मजदूरों ने बुधवार को माइंस गेट के समक्ष प्रदर्शन कर प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। झामुमो नेता बाघराय मार्डी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में मजदूरों ने चारों श्रम संहिताओं के कथित उल्लंघन और ठेका कार्यों में अधिकारियों के भाई-भतीजों व रिश्तेदारों को नियोजित किए जाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बाघराय मार्डी ने कहा कि परियोजना में ठेका मजदूरों को बुनियादी सुविधाओं और श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले लाभों से वंचित रखा जा रहा है। उनके अनुसार, मजदूरों को काम के दौरान पीपीई किट सहित जरूरी सुरक्षा उपकरण तक उपलब्ध नहीं कराए जाते। वेतन भुगतान में देरी के साथ ईएसआई चिकित्सा सुविधा, वेतन पर्ची, समूह बीमा, ग्रेच्युटी, ओवरटाइम, यूनिफॉर्म एवं धुलाई भत्ता, कार्य के अनुरूप वेतन और छह सवैतनिक अवकाश जैसे लाभ भी नहीं दिए जा रहे हैं।
मार्डी ने चेतावनी दी कि इन मुद्दों को लेकर यूसिल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. कंचन आनंद राव और तकनीकी निदेशक सलिल कुमार नाग को पत्र लिखकर शिकायत की जाएगी। इसके बावजूद समाधान नहीं होने पर यूसिल की सभी सात यूरेनियम खदानों में एक साथ आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी।

