
भोंमरा माझी के आंदोलन ने कराया विजयश्री कम्पनी में समझौता
*60 घंटे तक ठप रहा कंपनी गेट का कामकाज, त्रिपक्षीय वार्ता में प्रबंधन ने दी लिखित सहमति*
मृत्युंजय बर्मन,
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
गम्हरिया विजयश्री ऑटोकॉम में ठेका श्रमिकों के हक की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष भोंमरा माझी की अगुवाई में 60 घंटे तक चले गेट जाम के बाद बुधवार को कंपनी प्रबंधन को श्रमिकों की मांगों पर सहमति देनी पड़ी। श्रम विभाग की मौजूदगी में हुई त्रिपक्षीय वार्ता के बाद न्यूनतम मजदूरी समेत 15 बिंदुओं पर लिखित समझौता हुआ।
त्रिपक्षीय वार्ता में श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर, गम्हरिया थाना प्रभारी राजेश टुडू, कंपनी प्रबंधन के अक्षय अग्रवाल तथा झामुमो के भोंमरा माझी, जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो और जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू मौजूद थे। समझौते में तत्काल प्रभाव से न्यूनतम मजदूरी लागू करने और एक अगस्त 2026 से देय मजदूरी का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
प्रबंधन ने वेतन पर्ची और भुगतान विवरण देने, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, महिला श्रमिकों के लिए अलग शौचालय, चिकित्सा सुविधा तथा ईएसआईसी, पीएफ और बोनस जैसे लाभ सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। दस दिनों में शिकायत निवारण समिति गठित होगी। कंपनी गेट पर मजदूरी दरों का चार्ट लगाया जाएगा। 27 जुलाई के समझौते और स्थायी आदेश का पालन, ओवरटाइम पर रोक तथा विशेष परिस्थिति में नियमानुसार भुगतान भी सहमति के प्रमुख बिंदु हैं। कौशल श्रेणी का निर्धारण स्वतंत्र संस्था अथवा न्यायालय से कराने और शनिवार की उपस्थिति पर तीन दिन का भुगतान करने की बात भी दर्ज की गई।
आंदोलन के कारण कंपनी का उत्पादन प्रभावित हुआ और टाटा मोटर्स के लिए तैयार माल लदे दो ट्रक 60 घंटे तक फंसे रहे। समझौते के बाद श्रमिकों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। इस मौके पर मजदूरों ने भोंमरा माझी और झामुमो जिला कमेटी के नेताओं को माला पहनाकर, गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया। श्रमिकों के बीच जश्न का माहौल रहा। आंदोलन ने यह स्पष्ट कर दिया कि संगठित संघर्ष के जरिए श्रमिक अपने अधिकारों के लिए प्रबंधन से जवाबदेही तय करा सकते हैं।

