गांधी घाट पर बड़ा हादसा: नदी में डूबीं दो सगी बहनें, तलाश में जुटा प्रशासन
जूतियां पर्व पर मां के साथ स्नान करने पहुंची थीं दोनों बच्चियां, विधायक सरयू राय ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गांधी घाट के नीचे स्वर्णरेखा नदी में शनिवार को स्नान के दौरान दो सगी बहनें गहरे पानी में डूब गईं। दोनों बच्चियां समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दोनों की तलाश के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, जूतियां पर्व के अवसर पर दोनों बहनें अपनी मां के साथ नदी में स्नान करने गांधी घाट के नीचे पहुंची थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
संतोष ठाकुर ने इसकी सूचना पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी। विकास सिंह ने उपायुक्त समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क कर दोनों बच्चियों की तलाश के लिए तत्काल बचाव अभियान चलाने का आग्रह किया।
घटनास्थल पर विधायक सरयू राय भी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चियों को तलाश कर बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं। परिजनों ने प्रशासन से दोनों बच्चियों की जल्द से जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है।

