भारतीय तीरंदाजों का एशियाई खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन, तीनों टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक पर अर्जुन मुंडा ने दी बधाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने रांची स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए जापान में आयोजित एशियाई खेल-2026 में भारतीय तीरंदाजों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी टीमों ने तीनों टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जो पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।
मुंडा ने कहा कि महिला कंपाउंड टीम ने फाइनल में 238 अंक हासिल कर चीन को पराजित किया और स्वर्ण पदक जीता। इस प्रदर्शन के साथ टीम ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। वहीं, कंपाउंड मिश्रित टीम ने रोमांचक शूट-ऑफ में जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस जीत के साथ भारत को लॉस एंजिल्स-2028 ओलंपिक की कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा में पहला ओलंपिक कोटा भी मिला।
पुरुष कंपाउंड टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता और भारत ने तीनों टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक स्वर्णिम क्लीन स्वीप पूरा किया।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि लगातार दूसरे एशियाई खेलों में कंपाउंड टीम की तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतना भारतीय तीरंदाजी की मजबूती और निरंतरता को दर्शाता है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को दिया।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी दल और पूरे भारतीय तीरंदाजी परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्व मंच पर भारतीय तीरंदाजी की बढ़ती ताकत और लॉस एंजिल्स-2028 ओलंपिक की दिशा में मजबूत कदम का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों के आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

