सफाई मित्रों को मिला सम्मान, कृष्ण कुमार बोले- स्वच्छता में इनका योगदान महत्वपूर्ण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में जमशेदपुर अक्षेस की ओर से सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर लगाया गया, जहां शहरभर के सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र और पीपीई किट देकर उनके योगदान की सराहना की गई।

सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर में बड़ी संख्या में सफाई मित्र शामिल हुए। शहर को स्वच्छ रखने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में लगातार योगदान देने वाले सफाई मित्रों को इस मौके पर सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ पीपीई किट भी प्रदान की गई, ताकि वे सुरक्षित तरीके से अपने कार्य को अंजाम दे सकें।

मौके पर जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि वर्ष 2020 से जमशेदपुर स्वच्छता रैंकिंग में लगातार बेहतर स्थान हासिल करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की इस उपलब्धि में सफाई मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रशासन और सफाई मित्रों का संयुक्त प्रयास जरूरी है। इसी सामूहिक प्रयास के जरिए आने वाले समय में जमशेदपुर को स्वच्छता रैंकिंग में और बेहतर स्थान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

