नदैल घाट रेडलाइट एरिया को जड़ से बंद करने की मांग, सभापति प्रतिनिधि ने DM और मंत्री को सौंपा ज्ञापन
नितेश सिंह राजपूत
*बखरी (बेगूसराय)।* बखरी के बदनाम नदैल घाट में मानव तस्करी और नाबालिग बच्चियों के साथ देह-व्यापार शोषण के खिलाफ स्थायी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। बखरी नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि राजू कुमार कुशवाहा ने इस मामले को लेकर जिलाधिकारी रिची पांडेय और स्थानीय विधायक सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान को ज्ञापन सौंपकर पूरे नेटवर्क पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि नदैल घाट का मामला अब सिर्फ कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा, महिला सम्मान और पूरे क्षेत्र की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।
उन्होंने बताया कि 02 दिसंबर 2025 को सीतामढ़ी की एक नाबालिग बच्ची नदैल घाट के चंगुल से भागकर निकली थी, जिस पर बखरी थाना में कांड संख्या 447/2025 दर्ज हुआ था। इसके विरोध में 28 दिसंबर 2025 को 10 गांवों के हजारों लोगों ने महापंचायत कर इस अवैध कारोबार को बंद करने का संकल्प लिया था। कुछ दिन बंद रहने के बाद यह धंधा फिर से शुरू हो गया।
ताजा मामला चार दिन पूर्व 27 सितंबर 2026 का है, जब 16 वर्षीय नाबालिग युवती नदैल घाट के देह व्यापार के दलदल से भागने में कामयाब रही। इस मामले में बखरी थाना में कांड संख्या 369/26 दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
सभापति प्रतिनिधि ने मांग की है कि इस पूरे नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, संचालकों की चल-अचल संपत्ति और बैंक खातों की जांच कर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई हो और नियमित छापेमारी के लिए विशेष निगरानी दल गठित कर नदैल घाट के इस अनैतिक अड्डे को स्थायी रूप से बंद कराया जाए।

