विश्व हृदय दिवस पर TMH की उपलब्धियां: 10 साल में 22 हजार से अधिक कार्डियक प्रक्रियाएं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ने अपने कार्डियक केयर सफर और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। इस वर्ष विश्व हृदय महासंघ की थीम ‘Don’t Miss a Beat’ है, जो हृदय रोगों की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर जोर देती है।
TMH में वर्ष 2015 में एक कैथ लैब से शुरू हुई कार्डियक सेवा अब चार कार्डियोलॉजिस्ट के साथ एक विशेषीकृत मल्टीडिसिप्लिनरी सेंटर के रूप में विकसित हो चुकी है। अब तक यहां 22 हजार से अधिक कार्डियक प्रक्रियाएं की जा चुकी हैं। एंजियोप्लास्टी की संख्या 2015 में 245 से बढ़कर 2025 में 934 हो गई। वर्ष 2025 में 1,760 एंजियोग्राफी तथा 364 पेसमेकर और डिफिब्रिलेटर इंप्लांटेशन किए गए।
2026 में TMH में दूसरी कैथ लैब और हार्ट केयर यूनिट शुरू की गई, जिससे अत्याधुनिक हृदय उपचार की सुविधा और मजबूत हुई है। अस्पताल में नेशनल बोर्ड से मान्यता प्राप्त DrNB Cardiology कार्यक्रम के माध्यम से नए कार्डियक विशेषज्ञ भी तैयार किए जा रहे हैं।
TMH के चीफ कंसल्टेंट एवं कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मंदार महावीर शाह ने कहा कि जागरूकता, नियमित जांच और समय पर उपचार से हृदय रोगों के परिणामों में महत्वपूर्ण सुधार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में पेडियाट्रिक कार्डियोलॉजी, 3D इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी मैपिंग, TAVR और MitraClip जैसी उन्नत सुविधाएं शुरू करने की योजना है।

