2029 तक रांची में सूचना प्रौद्योगिकी पार्क शुरू करने का लक्ष्य, तीन वर्षों में 75 हजार रोजगार सृजन की योजना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सोमवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आरएमजेड इंफ्रास्ट्रक्चर के अध्यक्ष दीपक छाबड़िया ने मुलाकात की। बैठक में झारखंड में अत्याधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी पार्क, वैश्विक क्षमता केंद्र तथा सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर, विनिर्माण, परमाणु ऊर्जा और डिजिटल आधारभूत संरचना के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
प्रस्तावित योजना के तहत 2029 तक रांची में सूचना प्रौद्योगिकी पार्क शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में करीब 20 हजार रोजगार और अगले तीन वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर लगभग 75 हजार रोजगार के अवसर सृजित करने की योजना है। इसके लिए आईआईएम रांची, नए विधानसभा परिसर और उच्च न्यायालय परिसर के आसपास उपलब्ध करीब 100 एकड़ भूमि को संभावित स्थल के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रांची को सूचना प्रौद्योगिकी, नवाचार और उभरती तकनीकों का प्रमुख केंद्र बनाने तथा स्थानीय युवाओं के लिए उच्च कौशल आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग का एक प्रतिनिधिमंडल अक्टूबर में बेंगलुरु का दौरा कर वहां विकसित सूचना प्रौद्योगिकी पार्क और वैश्विक क्षमता केंद्रों का अध्ययन करेगा। इसके आधार पर झारखंड में सूचना प्रौद्योगिकी पार्क के विकास की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

