प्रथम पुण्यतिथि पर याद किए गए इंस्पेक्टर रूपक कुमार अम्बुज
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बाजितपुर पिढ़ौली गांव निवासी कर्मयोगी इंस्पेक्टर रूपक कुमार अम्बुज की प्रथम पुण्यतिथि पर शनिवार को उनके पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनके तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने इंस्पेक्टर रूपक कुमार अम्बुज के अल्प सेवा काल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, ईमानदारी और संवेदनशील व्यवहार से लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनका मिलनसार स्वभाव, हर व्यक्ति से आत्मीयता से मिलने का अंदाज और चेहरे पर हमेशा बनी रहने वाली मुस्कान आज भी लोगों के जेहन में जीवंत है।
श्रद्धांजलि के दौरान माहौल भावुक हो गया। उन्हें याद करते हुए कई लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने कहा कि रूपक कुमार अम्बुज का असमय चले जाना परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

