कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और पोषण पर मीडिया से संवाद
*सरायकेला में पीआईबी की ‘वार्तालाप-2026’ कार्यशाला, जागरूकता व व्यवहार परिवर्तन पर जोर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची की ओर से सरायकेला-खरसावां में ‘वार्तालाप-2026’ मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, स्वच्छता ही सेवा और पोषण माह के विभिन्न पहलुओं पर प्रशासन, विशेषज्ञों और पत्रकारों के बीच संवाद हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर ने पीआईबी की भूमिका, पत्रकार कल्याण योजनाओं, आरएनआई और केंद्रीय संचार ब्यूरो की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने ‘वार्तालाप’ को पत्रकारों और सरकार के बीच संवाद का माध्यम बताया।
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने व्यवहार परिवर्तन को सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कुपोषण, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर जिले में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने संस्थानों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
अनिल कुमार शर्मा ने नए अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रावधानों की जानकारी दी। चांडिल की सीडीपीओ सुप्रिया शर्मा ने नौवें पोषण माह और ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ विषय पर प्रस्तुति दी। पद्मश्री छुटनी महतो ने डायन प्रथा के खिलाफ अपने संघर्ष के अनुभव साझा किए।

