केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और गन्ना मंत्री संजय पासवान ने नावकोठी को दी विकास की सौगात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नितेश सिंह राजपूत
नावकोठी- बेगूसराय। केंद्र और राज्य सरकार के दो मंत्रियों की मौजूदगी में शुक्रवार को बखरी विधानसभा क्षेत्र के नावकोठी पंचायत में विकास कार्यों को नई गति मिली। केंद्रीय कपड़ा मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह और बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री सह बखरी विधायक संजय कुमार पासवान ने संयुक्त रूप से पंचायत सरकार भवन का शिलान्यास और जीविका संगठन के प्रखंड कार्यालय का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम से पूर्व केंद्रीय मंत्री ने द्वारिका पैलेस होटल में जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती सप्ताह के अवसर पर आयोजित योग सह ध्यान शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
एपीएस खेल मैदान में आयोजित शिलान्यास समारोह की अध्यक्षता मुखिया राष्ट्रपति कुमार ने की।
जीविका भवन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार गांवों को आत्मनिर्भर बना रही है। उन्होंने जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जीविका के डीपीएम अविनाश कुमार, बीपीएम मनोरंजन कुमार, मनरेगा पीओ श्रीकांत, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष शंकर राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार, सुभाकर मिश्र, जय जय राम महतो, नीतीश कुमार जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

