वृद्धाश्रम में मनाया गया NSS का 56वां स्थापना दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के 56वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को चतरा कॉलेज, चतरा की दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों ने सेवा एवं सामाजिक सरोकार की भावना के साथ चतरा स्थित संचार वृद्धा आश्रम में स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम में लगभग 30 NSS स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती शोभा कुजूर के नेतृत्व में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया तथा उनके साथ विभिन्न मनोरंजक खेलों में भाग लेकर समय बिताया। वृद्धजनों के साथ हंसी-खुशी के इस आयोजन ने कार्यक्रम को भावनात्मक एवं यादगार बना दिया। स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और सहयोग की भावना व्यक्त करते हुए NSS के सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के उद्देश्य को सार्थक किया। इस अवसर पर आश्रम के डायरेक्टर हिमांशु सेथर, मेरी टोप्पो, पत्रकार अरविंद कुमार सहित अन्य सहयोगीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयुक्त रूप से संचालन NSS स्वयंसेवक सुजीत कुमार एवं अदिति पाठक ने किया। कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती शोभा कुजूर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ जुड़कर संवेदना, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का माध्यम भी है। वृद्धजनों के साथ स्थापना दिवस मनाना इसी सामाजिक सरोकार का एक सुंदर उदाहरण है। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उनके अनुभवों और स्नेह को साझा किया तथा NSS के सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

