बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर के पास ऑटो चालकों और कार सवार में मारपीट, सड़क पर मचा हंगामा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर के समीप सोमवार को ऑटो चालकों और एक कार सवार के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे कुछ देर के लिए सड़क रणभूमि में तब्दील हो गई। घटना में तीन से चार लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर अचानक हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। कार चालक का आरोप है कि दो ऑटो के बीच आपस में टक्कर हुई, जिसके कारण एक ऑटो पलट गया। इसी दौरान दूसरा ऑटो उसकी कार पर आ गिरा। कार चालक के अनुसार, इसके बाद ऑटो चालकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
वहीं ऑटो चालकों का कहना है कि उनकी कार से कोई टक्कर नहीं हुई थी। उनका दावा है कि ऑटो के पलटने के बाद कार सवार ने उनसे विवाद शुरू किया और मारपीट की, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।
घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। हालांकि घायल व्यक्तियों की पहचान और वे ऑटो चालक थे या यात्री, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

