जिला आयुष समिति की बैठक, ग्रामीण क्षेत्रों तक आयुष सेवाएं पहुंचाने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंडों व विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और आदिम जनजातीय समुदाय के बीच विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने, आयुष चिकित्सा, योग, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। कदमा स्थित नवनिर्मित 50 शय्यायुक्त धनवंतरी आयुष अस्पताल की समीक्षा करते हुए आवश्यक विद्युत कनेक्शन व अन्य सुविधाएं जल्द पूरी कर अस्पताल को आमजनों के लिए शुरू करने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीडीसी नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

