राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिले के उप विकास आयुक्त के निर्देश के बावजूद गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत अंतर्गत साई विहार कॉलोनी के रोड नंबर 10-बी के सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य अबतक प्रारंभ नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री जनसंवाद के माध्यम से शिकायत किए जाने के बाद जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) एवं डीडीसी स्तर से आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद करीब सात वर्ष बाद भी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति से बारिश के दिनों में कीचड़ और जलजमाव होने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को होती है। रोड नंबर 10-बी के समीप नव ज्योति स्कूल स्थित होने के कारण प्रतिदिन काफी संख्या में बच्चे इस सड़क से होकर गुजरते हैं। ग्रामीणों ने विकास योजनाओं में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए बताया कि उनके क्षेत्र की सड़क को योजना में शामिल करने में लगातार उपेक्षा बरती जा रही है। उनका कहना है कि सरकारी स्तर से पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद योजना आगे नहीं बढ़ना जांच का विषय है। इस संदर्भ में ग्रामीणों ने उपायुक्त से वर्ष 2019 के आदेश के अनुपालन की समीक्षा करने, सड़क को अभी तक जिला कार्य योजना में शामिल नहीं किए जाने तथा योजना चयन में भेदभाव की शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, सड़क एवं नाली निर्माण को प्राथमिकता देते हुए स्कूली बच्चों की परेशानी को देखते हुए शीघ्र नाला व सड़क निर्माण कराने की मांग किया है।

