छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध : अर्जुन मुंडा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- युवाओं के अधिकारों पर राजनीति बंद करे सरकार, पूरे प्रकरण की हो निष्पक्ष CBI जांच
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और युवाओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज को लाठी, बैरिकेडिंग और बल के सहारे दबाने का कोई स्थान नहीं है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि अपने भविष्य और जायज अधिकारों की मांग कर रहे निहत्थे छात्रों पर पुलिस का लाठीचार्ज अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई कि प्रदेश के युवाओं को अपनी बात सुनाने के लिए सड़कों पर उतरकर विधानसभा का घेराव करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि दमन से न तो छात्रों के सवाल समाप्त होंगे और न ही उनके हौसले टूटेंगे। राज्य सरकार को हठधर्मिता छोड़कर तत्काल छात्र प्रतिनिधियों से संवाद करना चाहिए और उनकी जायज मांगों पर ठोस एवं समयबद्ध निर्णय लेना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष CBI जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “छात्रों के भविष्य के साथ राजनीति बंद हो। ये युवा अपना अधिकार मांग रहे हैं, कोई एहसान नहीं।”

