विज्ञान सप्ताह का समापन भव्य विज्ञान प्रदर्शनी के साथ, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचार मॉडल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 5 अगस्त। प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिरसानगर में सप्ताहभर चले ‘विज्ञान सप्ताह’ का समापन बुधवार को भव्य विज्ञान प्रदर्शनी के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट की प्राचार्या अनुमिता सेनगुप्ता ने किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने वर्षा जल संचयन, नवीकरणीय ऊर्जा, पवन चक्की, पेरिस्कोप, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण विषयों पर कार्यशील एवं स्थिर मॉडल प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि अनुमिता सेनगुप्ता ने कहा कि “विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा ही भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।” उन्होंने बच्चों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट के ऑटोमेशन एवं रोबोटिक्स विभाग के प्रमुख जितेंद्र कुमार सिंह, प्रांतीय समिति सदस्य अरविंद कुमार सिंह, संकुल प्रमुख रंजय कुमार राय तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिलाष गिरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों के आभार और सराहना के साथ हुआ।

