तिरुलडीह गैस गोदाम चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार
64 सिलेंडर बरामद, पिकअप व बाइक समेत मोबाइल जब्त; तीनों आरोपी जेल भेजे गए
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सापादा स्थित सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक के गैस गोदाम से हुए एलपीजी सिलेंडर चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी के 64 गैस सिलेंडर, पिकअप वाहन, पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मंगलवार को प्रेस वार्ता में एसडीपीओ चांडिल शिव प्रकाश ने बताया कि 27 जुलाई को गैस गोदाम से 56 एलपीजी सिलेंडर चोरी हुए थे। वितरक संध्या देवी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी।
तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जुगसलाई निवासी सदाब आलम उर्फ बटर (26), सोनारी निवासी बाबू गोराई (29) और मानगो निवासी मनीष कुमार श्रीवास्तव (35) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर मानगो के टेक रोड और दाईगुट्टू से 64 सिलेंडर बरामद हुए।
पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त पिकअप (JH05DW-4807), पल्सर बाइक (JH05BN-7028), वीवो स्मार्टफोन और जियो कीपैड मोबाइल भी जब्त किया। कार्रवाई में तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार सहित पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।

