नशा और हिंसा के खिलाफ गीता थिएटर का जनजागरण अभियान, हर रविवार मोहल्लों में होंगे नुक्कड़ नाटक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में बढ़ते नशापान, असामाजिक गतिविधियों और हिंसात्मक घटनाओं के खिलाफ गीता थिएटर जमशेदपुर (ग्रेट इंडियन थिएटर एसोसिएशन) ने जनजागरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत प्रत्येक रविवार शहर के विभिन्न मोहल्लों और चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को नशे और अपराध के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस संबंध में नाट्य ट्रस्ट के सचिव सह नागरिक सुरक्षा (पूर्वी सिंहभूम) के सदस्य प्रेम कुमार दीक्षित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर की विभिन्न बस्तियों में बढ़ते ब्राउन शुगर, शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन, चापड़बाजी तथा आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई।
संस्था ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण युवाओं में हिंसा और गंभीर अपराध बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। ऐसे माहौल को बदलने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से कला और रंगमंच के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
गीता थिएटर की ओर से जिला प्रशासन से अभियान के संचालन के लिए प्रशासनिक अनुमति, परिवहन सहयोग, स्थानीय पुलिस के समन्वय तथा जिला प्रशासन के सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में संस्था को शामिल करने का अनुरोध किया गया है।
संस्था की अध्यक्ष गीता कुमारी ने शहर के नागरिकों, युवाओं और समाजसेवियों से इस अभियान में भागीदारी की अपील की है।

