पुनर्वास भूमि को लेकर अनोखा विरोध
राष्ट्र संवाद संवादाता
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की तस्वीरों पर फूल-माला चढ़ाई जा रही है। , यह जिला प्रशासन के खिलाफ एक प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन है। विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा का आरोप है कि बोकारो में विस्थापितों की पुनर्वास भूमि में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग और जिला प्रशासन इस पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसी के विरोध में मोर्चा ने प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि सभा और भोज का आयोजन किया।
विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त और उप विकास आयुक्त की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह श्रद्धांजलि किसी व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि प्रशासन की कथित “कुंभकर्णी नींद” के खिलाफ एक सांकेतिक विरोध है।
मोर्चा का कहना है कि इससे पहले भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों अधिकारियों की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई थी और सांकेतिक रूप से उनका अंतिम संस्कार किया गया था, ताकि प्रशासन का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित हो।
मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण महतो ने आरोप लगाया कि विस्थापितों की पुनर्वास भूमि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हो रही है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन भी इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विस्थापित हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और कथित रूप से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

