निखार सबलोक हत्याकांड में बिहार से एक शूटर गिरफ्तार!
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की सूचना है। सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में शामिल एक कथित शूटर को बिहार से गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे शूटर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मामले में एक कथित साजिशकर्ता को पहले गिरफ्तार किया था। उसके मोबाइल फोन से मिले सुरागों के आधार पर रेकी करने वाले युवकों से लेकर शूटरों को वारदात के बाद भगाने में मदद करने वाले आरोपियों की पहचान की गई। जांच में निखार की हत्या करीब 10 लाख रुपये में सुपारी देकर कराए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बिहार के अपराधियों को हत्या के लिए बुलाया गया था और दोनों शूटर करीब एक सप्ताह से जमशेदपुर में मौजूद थे। सोनारी क्षेत्र के दो अपराधियों पर निखार की गतिविधियों की रेकी करने, उनकी पहचान कराने और वारदात की तैयारी में मदद करने का आरोप है।
सूत्रों के मुताबिक, अपराधियों ने पहले कदमा स्थित विजया हेरिटेज में हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन वहां की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए योजना बदल दी गई। इसके बाद चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा स्थित हाईवे किनारे टेंथ माइल स्टोन होटल को वारदात के लिए चुना गया। जमीन की डीलिंग के सिलसिले में निखार करीब तीन दिनों से लगातार होटल में मीटिंग के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान अपराधियों ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपी बुंडू के रास्ते बिहार की ओर फरार हुए। जांच के दौरान एक टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज में लाल रंग की कार दिखाई देने की बात सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि शुक्रवार को पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड का बड़ा खुलासा कर सकती है।

