राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सांसद बिद्युत बरण महतो ने शनिवार को टाटानगर रेलवे गेस्ट हाउस में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया के साथ बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न रेल विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में टाटानगर स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण, सिदिरसाई स्टेशन पुनर्विकास, आदित्यपुर–गम्हरिया रेलखंड के दोहरीकरण, वंदे भारत ट्रेन डिपो, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य अधोसंरचना कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
सांसद ने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने का निर्देश देते हुए यात्रियों की सुविधा, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्था, पेयजल, प्रतीक्षालय, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि सभी विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। सांसद ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा, औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

