विधायक पूर्णिमा साहू की पहल पर बीमार मासूम के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली एक लाख की सहायता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। घाटशिला प्रखंड के नयाग्राम निवासी सब्जी विक्रेता संतोष कुमार मिश्रा की चार माह की गंभीर रूप से बीमार पुत्री विहा मिश्रा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की पहल के बाद उपलब्ध कराई गई।
विहा मिश्रा जन्म के बाद से मेकोनियम एस्पिरेशन सिंड्रोम एवं राइट सबड्यूरल हेमाटोमा जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रही है। मुंबई में उसकी ब्रेन सर्जरी हो चुकी है, जिस पर अब तक लगभग 14 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि आगे के उपचार के लिए करीब पांच लाख रुपये की और आवश्यकता है।
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर राहत कोष से सहायता देने का अनुरोध किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने 24 जून को एक लाख रुपये की सहायता स्वीकृत कर परिवार को चेक उपलब्ध कराया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मासूम विहा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

