PVUNL की बड़ी उपलब्धि: 800 मेगावाट यूनिट-2 का वाणिज्यिक संचालन शुरू, 7 माह में 1600 मेगावाट राष्ट्र को समर्पित
राष्ट्र संवाद संवादाता
रामगढ़ जिले के पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी दूसरी 800 मेगावाट क्षमता वाली इकाई (यूनिट-2) का वाणिज्यिक परिचालन (सीओडी) 25 जून 2026 से सफलतापूर्वक शुरू कर दिया है। एनटीपीसी और जेबीवीएनएल के संयुक्त उपक्रम पीवीयूएनएल की इस उपलब्धि से झारखंड समेत अन्य लाभार्थी राज्यों को विश्वसनीय और सतत विद्युत आपूर्ति को और मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि यूनिट-1 और यूनिट-2 के सफल संचालन के साथ पीवीयूएनएल ने मात्र सात महीनों में 1600 मेगावाट उत्पादन क्षमता राष्ट्र को समर्पित की है। यह उपलब्धि कंपनी की तकनीकी दक्षता, उत्कृष्ट परियोजना प्रबंधन और कर्मचारियों के समर्पण का परिणाम है।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में पीवीयूएनएल के सीईओ ए.के. सहगल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। श्री सहगल ने इस सफलता के लिए कर्मचारियों, अभियंताओं, श्रमिकों, परियोजना भागीदारों, झारखंड सरकार, जिला प्रशासन और स्थानीय समुदाय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और टीम भावना से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है।
उन्होंने बताया कि पीवीयूएनएल क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास, आजीविका संवर्धन तथा सामुदायिक विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। यूनिट-2 का सफल संचालन झारखंड और देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करेगा।

