15वें दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का भव्य समापन, ‘ए न्यू पोस्टबॉक्स : टेल्स फ्रॉम पार्टीशन’ सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली, 8 मई। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के सहयोग से आयोजित 15वें दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (DIFF 2026) का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में प्रसिद्ध अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और प्रतियोगिता खंड की उत्कृष्ट फिल्मों को सम्मानित किया।
भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित तथा डॉ. सच्चिदानंद जोशी निर्देशित फिल्म ‘ए न्यू पोस्टबॉक्स : टेल्स फ्रॉम पार्टीशन’ को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। यह फिल्म विभाजन की मानवीय पीड़ा और स्मृतियों को संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत करने के लिए सराही गई।
इस वर्ष महोत्सव में दुनिया के 51 देशों और भारत के 21 राज्यों की 177 फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। रूस, चीन और अफ्रीकी देशों को ‘फोकस कंट्री’ के रूप में विशेष स्थान दिया गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद को नई दिशा मिली।
महोत्सव के दौरान फिल्म निर्माण और वितरण की चुनौतियों पर केंद्रित विशेष पैनल चर्चा “Making Films is Easy, Selling Them is War” आयोजित की गई। इसमें एनएसडी के निदेशक चितरंजन त्रिपाठी, डीन अकादमिक सलीम आरिफ़, रंगकर्मी अरविंद गौर और मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन के महासचिव जोगिंदर महाजन ने विचार रखे। संचालन वरिष्ठ पत्रकार रीमा गौतम ने किया।
समापन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव अब केवल फिल्मों का आयोजन नहीं, बल्कि विश्व सिनेमा और विविध संस्कृतियों के बीच संवाद और सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

