राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा स्थित यूसिल कॉलोनी गेट से रियल गेट तक की मुख्य सड़क की साफ-सफाई व्यवस्था आखिरकार लंबे इंतजार के बाद पटरी पर लौट आई है। यूसिल प्रबंधन ने मुख्य सड़क की सफाई का कार्यादेश मुखी समाज विकास समिति को सौंप दिया है। गुरुवार को कार्यादेश मिलते ही समिति के सफाई कर्मियों ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर गंदगी से अटी पड़ी सड़क की सूरत बदलनी शुरू कर दी। कई महीनों से टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण सड़क किनारे रखे कूड़ेदान कचरे से भरे पड़े थे और दुर्गंध के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया था। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बीच समिति के उपाध्यक्ष टिक्की मुखी निजी स्तर पर बीच-बीच में सफाई करवाते रहे, ताकि क्षेत्र की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहे। अब आधिकारिक जिम्मेदारी मिलने के बाद कॉलोनी गेट से रियल गेट तक सड़क किनारे जमा कचरा, झाड़-झंखाड़, नालियों और गंदगी की व्यापक सफाई की जा रही है। सफाई अभियान शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और लोगों ने समिति की पहल की सराहना की है।
सफाई कर्मियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान, मजदूरों को दिए गए सुरक्षा उपकरण
मुखी समाज विकास समिति ने सफाई कार्य में लगे मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें मास्क, दस्ताने, सुरक्षा जूते और आवश्यक कार्य पोशाक उपलब्ध कराए हैं। समिति के उपाध्यक्ष टिक्की मुखी ने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा के बिना कोई भी कार्य सफल नहीं हो सकता, इसलिए सभी कर्मियों को सुरक्षित वातावरण में काम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय बेरोजगार मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने और क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण कायम रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। लंबे समय से काम बंद रहने के कारण मजदूर परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे थे, लेकिन अब कार्य शुरू होने से उनमें राहत और उत्साह देखा जा रहा है। टिक्की मुखी ने प्रशासन और संबंधित विभागों का आभार जताते हुए कहा कि समिति आगे भी क्षेत्र के विकास, स्वच्छता और मजदूर हित में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

