राष्ट्र संवाद संवाददाता
औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड ने शुक्रवार को प्लांट-7 में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वंदे भारत स्लीपर कोच परियोजना के लिए प्रथम पूर्ण रूप से असेंबल्ड एलएचबी बोगी फ्रेम का सफल डिस्पैच किया। इस अवसर पर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, झांसी के कार्यकारी निदेशक रिजवान सिद्दीकी, सहायक महाप्रबंधक गिरीश राज के अलावा आरकेएफएल के कार्यकारी निदेशक मिलेश गांधी, समूह मुख्य मानव संसाधन अधिकारी भूपेंद्र लोधी, प्लांट प्रमुख रजत विश्वास, प्लांट मानव संसाधन प्रमुख रवि शंकर राजहंस समेत कई अधिकारी मौजूद थे। बताया गया है कि डिस्पैच किया गया एलएचबी बोगी फ्रेम पूरी तरह से व्हील्स, सस्पेंशन सिस्टम, डिस्क ब्रेक एवं अन्य महत्वपूर्ण फिटमेंट्स के साथ तैयार किया गया था। यह उपलब्धि रेलवे सेक्टर में आरकेएफएल प्लांट-7 की मजबूत निर्माण क्षमता और तकनीकी दक्षता को दर्शाती है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेतृत्व टीम ने प्लांट-7 की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। यह सफलता भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण में कंपनी के योगदान को और मजबूत बनाती है तथा “मेक इन इंडिया” अभियान को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में परियोजना से जुड़े सभी कर्मचारियों एवं सहयोगियों को उनकी मेहनत और योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

